A First-Of-Its-Kind Magazine On Environment Which Is For Nature, Of Nature, By Us (RNI No.: UPBIL/2016/66220)

Support Us
   
Magazine Subcription

पक्षी और पिंजराः स्वतंत्रता के अधिकार का हनन और उनकी मूक पीड़ा

TreeTake is a monthly bilingual colour magazine on environment that is fully committed to serving Mother Nature with well researched, interactive and engaging articles and lots of interesting info.

पक्षी और पिंजराः स्वतंत्रता के अधिकार का हनन और उनकी मूक पीड़ा

अत्यधिक मानसिक तनाव और बोरियत के कारण कई पक्षी खुद ही अपने चोंच से अपने पंख नोचने लगते हैं। यह पक्षियों में होने वाली एक गंभीर मनोवैज्ञानिक स्थिति है, जो उनकी बेबसी और कुंठा को दर्शाती है...

पक्षी और पिंजराः स्वतंत्रता के अधिकार का हनन और उनकी मूक पीड़ा

Your Right To Info
डॉ. मोनिका रघुवंशी
लेखिका, पत्रकार एवम् सामाजिक कार्यकर्ता, राष्ट्रीय समन्वयक (एन.वाई.पी.बी.), डॉक्टरेट ऑफ फिलॉसफी (ग्रीन मार्केटिंग), एम.बी.ए.(ट्रिपल विशेषज्ञता- मार्केटिंग, फाइनेंस व बैंकिंग), प्रमाणित कंप्यूटर, फ्रेंच और उपभोक्ता संरक्षण कोर्स प्राप्त, 550 प्रमाणित अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भाग लिया, 70 अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पत्रिका लेख प्रकाशित, राष्ट्रीय समाचार पत्रों में सक्रिय लेखक (750 लेख प्रकाशित), 20 राष्ट्रीय पुरस्कार, 150 ऑनलाइन और ऑफलाइन एन.जी.ओ. कार्यक्रम आयोजक।
मानव सभ्यता के इतिहास पर नजर डालें तो यह स्पष्ट होता है कि अतीत में दास प्रथा एक अत्यंत क्रूर और अमानवीय वास्तविकता थी। उस दौर में शक्तिशाली और अमीर वर्गकृचाहे वे राजा-महाराजा हों, जमींदार हों या समाज के तथाकथित उच्च वर्ग के लोगकृकमजोर और असहाय लोगों को अपना गुलाम बना लेते थे। उन बेकसूर इंसानों पर अमानवीय अत्याचार किए जाते थे। उनसे दिन-रात जबरन कठिन कार्य कराए जाते थे, बिना इस बात की परवाह किए कि वे इंसान हैं। उनका मानसिक और शारीरिक शोषण इस हद तक किया जाता था कि वे भूख, लाइलाज बीमारियों, और निरंतर दी जाने वाली प्रताड़ना के शिकार होकर समय से पहले ही दम तोड़ देते थे। कई बार उन्हें जानबूझकर भी मार दिया जाता था।
वे अभागे लोग अच्छे भोजन, अपनी इच्छा से जीवन जीने, अपने परिवार के सदस्यों और मित्रों से मिलने के लिए तरस जाते थे। उनकी अपनी कोई जिंदगी नहीं थीकृवे न तो कहीं आ-जा सकते थे, न अपनी मर्जी का खा सकते थे, न पहन सकते थे और न ही अपने सगे-संबंधियों से रिश्ते निभा सकते थे। यदि ऐसी नारकीय जिंदगी किसी भी स्वतंत्र इंसान को मिल जाए, तो उसकी मानसिक स्थिति का अनुमान लगाना ही सिहरन पैदा कर देता है। यह एक अत्यंत विचारणीय और मार्मिक विषय है कि आखिर इंसान ने अपने ही स्वार्थ के लिए दूसरों की स्वतंत्रता का गला कैसे घोंटा?
पक्षियों की कैदः आधुनिक समय की एक अमानवीय प्रथा
जब हम इतिहास के इन काले अध्यायों पर विचार करते हैं, तो यह सवाल बेहद स्वाभाविक रूप से उठता है कि हम आज भी ऐसा ही क्रूर व्यवहार पक्षियों के साथ क्यों कर रहे हैं? क्या हमारा विवेक और हमारी नैतिकता शून्य हो चुकी है? आज भी अनगिनत लोग अपने मनोरंजन, घर की शोभा बढ़ाने या शौक के नाम पर रंग-बिरंगे पक्षियों को छोटे-छोटे पिंजरों में कैद करके रखते हैं। उन्हें उनके प्राकृतिक आवासकृयानी विशाल खुले आसमान, हरे-भरे जंगलों और प्राकृतिक आहारकृसे पूरी तरह वंचित कर दिया जाता है। पिंजरे की सलाखों के पीछे तड़पते उन बेजुबानों की हालत उस लाचार गुलाम जैसी होती है, जो अपनी स्वतंत्रता के लिए हर पल छटपटाता है।
अगर पक्षी अपनी मर्जी से खुश होते, तो पिंजरा खुलते ही वे उड़ जाने का प्रयास क्यों करते? यह इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है कि उनकी स्वाभाविक प्रवृत्ति उड़ने की है, कैद रहने की नहीं। हम उन्हें कैदियों की तरह रखते हैं, वे अपने मित्रों और अपने झुंड के पास आ-जा नहीं सकते। जब हमारे समाज में कोई इंसान कोई गंभीर अपराध करता है, तब न्यायपालिका उसे कानूनन जेल की सजा देती है। लेकिन सोचने वाली बात यह है कि क्या इन मासूम पक्षियों ने कोई अपराध किया है? क्या उनका जन्म केवल हमारी चारदीवारी के भीतर घुट-घुट कर मरने के लिए हुआ है? फिर क्यों हम उन्हें बिना किसी अपराध के उम्रकैद जैसी कठोर सजा दे रहे हैं? क्या हम इतने कठोर हो गए हैं या हमारी बुद्धि इतनी मंद हो चुकी है कि हम एक जीव की पीड़ा को अपनी आंखों से देखकर भी समझ नहीं पा रहे हैं?
पिंजरे का जीवन और पक्षियों पर होने वाले शारीरिक व मानसिक आघात
वैज्ञानिक अनुसंधान और पक्षी विशेषज्ञों के अध्ययन यह प्रमाणित करते हैं कि पक्षियों को पिंजरे में रखना उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है। पिंजरे में रहने वाले पक्षी प्राकृतिक जीवन जीने वाले पक्षियों की तुलना में बहुत जल्दी मर जाते हैं, और उनकी औसत आयु काफी कम हो जाती है। इसके पीछे कई गंभीर कारण और तथ्य जुड़े हुए हैंः
मांसपेशियों का क्षय और शारीरिक अक्षमताः प्रकृति ने पक्षियों को उड़ने के लिए पंख दिए हैं। जब वे खुले आकाश में मीलों की उड़ान भरते हैं, तो उनकी मांसपेशियां मजबूत रहती हैं। लेकिन पिंजरे की सीमित जगह में रहने के कारण वे न तो अपने पंख पूरी तरह फैला पाते हैं और न ही दौड़-भाग कर सकते हैं। इससे उनकी मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं, जिसे ‘एट्रोफी‘ कहा जाता है। कई बार वे उड़ने की क्षमता तक खो बैठते हैं।
मोटापा और पोषण संबंधी बीमारियांः पिंजरे में बंद पक्षियों को अक्सर वह कृत्रिम आहार दिया जाता है जो उनके प्राकृतिक खान-पान से बिल्कुल अलग होता है। गतिविधि न होने और गलत खान-पान के कारण वे मोटापे का शिकार हो जाते हैं। इसके परिणाम-स्वरूप उन्हें फैटी लिवर डिजीज, डायबिटीज और हृदय संबंधी गंभीर बीमारियां घेर लेती हैं।
मानसिक तनाव और डिप्रेशनः पक्षी अत्यधिक सामाजिक और संवेदनशील जीव होते हैं। कई प्रजातियां अपने जीवनसाथी के साथ आजीवन जुड़ी रहती हैं। पिंजरे में अकेलापन या अपने परिवार से अलगाव उन्हें भारी मानसिक आघात देता है। वे लगातार तनाव और डिप्रेशन का शिकार हो जाते हैं।
फेेदर प्लकिंग जैसी मानसिक बीमारियांः अत्यधिक मानसिक तनाव और बोरियत के कारण कई पक्षी खुद ही अपने चोंच से अपने पंख नोचने लगते हैं। यह पक्षियों में होने वाली एक गंभीर मनोवैज्ञानिक स्थिति है, जो उनकी बेबसी और कुंठा को दर्शाती है।
कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली और संक्रमणः कैद में रहने के कारण पक्षियों को सूर्य की सीधी धूप और ताजी हवा नहीं मिल पाती। इससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहद कमजोर हो जाती है, जिससे वे फंगल इन्फेक्शन, श्वसन तंत्र के रोग और परजीवियों के शिकार आसानी से हो जाते हैं।
निष्कर्ष और हमारी नैतिक जिम्मेदारी
पक्षियों को पिंजरे में कैद रखना सिर्फ एक शौक नहीं, बल्कि प्रकृति के नियमों के विरुद्ध एक गंभीर अपराध है। जो जीव अपनी मधुर चहचहाहट से पूरी प्रकृति को संगीतित करते हैं, उन्हें सलाखों के पीछे सिसकते देखना हमारी संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। जिस प्रकार एक इंसान को स्वतंत्रता का अधिकार है, उसी प्रकार हर पक्षी का जन्मसिद्ध अधिकार है कि वह खुले आसमान में ऊंची उड़ान भरे।
अब समय आ गया है कि हम अपनी मानसिकता को बदलें। हमें यह समझना होगा कि प्रेम का अर्थ किसी को बांधना नहीं, बल्कि उसे उसकी अपनी स्वाभाविक अवस्था में स्वतंत्र छोड़ना है। पक्षियों को पिंजरे से मुक्त करें, उन्हें कैद करने वाले व्यापार का बहिष्कार करें और घायल या बीमार पक्षियों की मदद करें, न कि उन्हें अपना कैदी बनाएं। प्रकृति की असली सुंदरता पिंजरे के अंदर नहीं, बल्कि खुले आसमान में स्वतंत्र रूप से उड़ते हुए पक्षियों में ही बसती है।
 

Leave a comment